रिपोर्ट – अमित कुमार, भागलपुर से।
भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत बेलखुरिया पंचायत के छोनिया गांव में शनिवार को शहीद रामफल मंडल जी का शहादत दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गांव के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए एस. जेड. हसन द्वारा शहीद रामफल मंडल जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया।
गाजे-बाजे और नारों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। मौके पर मौजूद नेताओं, समाजसेवियों, पत्रकारों और ग्रामीणों ने शहीद के त्याग और बलिदान को नमन किया।
शहीद रामफल मंडल मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के निवासी थे, लेकिन आज़ादी की लड़ाई के दौरान वे भागलपुर में रहकर अंग्रेजों के खिलाफ सक्रिय रहे। 1942 के आंदोलन के दौरान उन्हें अंग्रेजों ने गिरफ्तार कर भागलपुर केंद्रीय कारा में फांसी दी थी।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वर्गों ने कहा कि शहीद रामफल मंडल जैसे वीरों की कुर्बानी ही आज़ाद भारत की नींव बनी है। उनकी स्मृति में स्थापित प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और बलिदान का संदेश देती रहेगी।
