भागलपुर में ट्रैफिक नियमों को लेकर डीएसपी की अपील – जाममुक्त शहर के लिए मांगा सहयोग

संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर।

भागलपुर, शहर में दिन-ब-दिन बढ़ते ट्रैफिक जाम और यातायात अव्यवस्था को लेकर यातायात डीएसपी संजय कुमार ने नागरिकों से ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि आम लोग नियमों का पालन करें तो भागलपुर को जाममुक्त और सुचारू रूप से संचालित शहर बनाया जा सकता है। डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। साथ ही उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल एवं अन्य नियमों का पालन करने की बात भी कही। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डालते हैं। उन्होंने शहर के दुकानदारों को चेतावनी दी कि वे अपनी दुकानों के आगे सड़क पर सामान न फैलाएं। इस प्रकार का अतिक्रमण पैदल यात्रियों और अन्य वाहनों की आवाजाही में गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। डीएसपी ने कहा कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि भागलपुर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की सफलता आम नागरिकों के सहयोग पर निर्भर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!