रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर | मुख्यमंत्री बीज वितरण योजना के तहत बीज नहीं मिलने से नाराज किसानों ने बुधवार को नाथनगर प्रखंड कार्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, नूरपुर सहित प्रखंड के 16 पंचायत के किसान वुधवार को बीज लेने के लिए पहुंचे थे। नहीं मिलने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। हंगामा कर रही महिलाओं ने कहा कि हम लोग कई दिनों से आ रही हूं लेकिन तकनीकी समस्या बताकर लौटा देते हैं। मेरे सामने में कई लोगों को दिया लेकिन हमलोगों को नहीं दे रहा है। लंबी कतार में खड़े होकर हमलोग रोज अपनी पारी का इंतजार करते हैं। लेकिन प्रत्येक दिन हमलोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है।
महिला किसान रूबी देवी ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से पंचायत सचिव और वितरण कर्मियों के पास बीज लेने जा रहे हैं, लेकिन हर बार यह कहकर लौटा दिया जाता है कि “आज स्टॉक नहीं आया, कल आना।” किसानों ने आरोप लगाया कि योजना के नाम पर पंचायत स्तर पर मनमानी की जा रही है और पात्र किसानों को अब तक बीज नहीं मिला है।
किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रखंड परिसर में प्रदर्शन किया।कहा कि मुख्यमंत्री बीज वितरण योजना के तहत सभी पंजीकृत किसानों को चना, मसूर, सरसों और गेहूं का प्रमाणित बीज अनुदान दर पर दिया जाना था, लेकिन जमीनी स्तर के किसानों को नहीं देकर वैसे लोगों को दिया जा रहा है जो खेती तक नहीं करते हैं।
किसानों ने कहा कि अब रबी की बुवाई का समय निकलता जा रहा है, ऐसे में अगर जल्द बीज नहीं मिला तो फसल का नुकसान होगा।
करीब दो घंटे तक प्रखंड परिसर में चली नारेबाजी के बाद प्रशासन के आश्वासन पर किसानों ने प्रदर्शन समाप्त किया, लेकिन यह भी साफ कहा कि अगर समय पर बीज नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
