सीमान्त मुख्यालय सिलीगुड़ी में इंटर फ्रंटियर फुटबॉल प्रतियोगिता–2025 का भव्य शुभारंभ

गलगलिया। सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी स्थित तीस्ता परेड मैदान में 25 नवम्बर से 28 नवम्बर 2025 तक आयोजित होने वाली इंटर फ्रंटियर फुटबॉल प्रतियोगिता–2025 का उद्घाटन मंगलवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सिलीगुड़ी फ्रंटियर के महानिरीक्षक वंदन सक्सेना द्वारा विधिवत रूप से किया गया। उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, बल कर्मियों एवं मीडिया कर्मियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि वंदन सक्सेना ने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएँ देते हुए खेल भावना, अनुशासन और भाईचारे के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ न केवल शारीरिक दक्षता को बढ़ाती हैं, बल्कि बल के विभिन्न फ्रंटियर्स के बीच समन्वय और सौहार्द को भी मजबूत करती हैं।

उद्घाटन के बाद आयोजित डॉग शो ने दर्शकों का मन मोह लिया। शो के दौरान स्वानों और उनके परिचारकों द्वारा स्वच्छ भारत अभियान पर आधारित संदेश, CPR (कार्डियो पल्मोनरी रीससिटेशन) की लाइव प्रस्तुति, योग प्रदर्शन, बुलेट मोटरसाइकिल पर ध्वज के साथ अद्भुत तालमेल तथा अन्य कौशल-आधारित प्रस्तुतियाँ दिखाई गईं। इन प्रदर्शनों ने एसएसबी के प्रशिक्षित स्वानों की उत्कृष्ट दक्षता और अनुशासन का परिचय दिया।

इसके पश्चात सशस्त्र सीमा बल के पाइप्स एवं ड्रम्स बैंड द्वारा देशभक्ति से परिपूर्ण मधुर धुनों की प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को ऊर्जा, उत्साह और गौरव की भावना से भर दिया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रसिद्ध कलाकार श्री सिकंदर सैयद एवं उनकी टीम द्वारा जिम्नास्टिक और जीवन-कला का रोमांचकारी प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। उनके साहसपूर्ण और अद्वितीय कारनामों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

समारोह के समापन पर मुख्य अतिथि तथा उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने सभी प्रतिभागी टीमों को उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। पूरा कार्यक्रम गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!