संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर।
भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के गनोराबादारपुर गांव में एक महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी लक्ष्मी देवी, पति बिनोद तांती, उम्र लगभग 35 वर्ष, बीते 28 नवंबर से अचानक घर से निकल गईं, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों के अनुसार वह बिना किसी पूर्व जानकारी के घर से बाहर निकलीं और काफी देर बाद भी जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिवार द्वारा रिश्तेदारों, पड़ोसियों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन की गई, लेकिन लक्ष्मी देवी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। कई स्थानों पर तलाश करने और लोगों से पूछताछ करने के बावजूद भी जब कोई जानकारी हाथ नहीं लगी, तो परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। परिवार को आशंका है कि कहीं कोई अप्रिय घटना न घट गई हो। लापता महिला के पति बिनोद तांती ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन से सविनय निवेदन किया है कि मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए उनकी पत्नी का पता लगाया जाए और उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने में मदद की जाए। उन्होंने बताया कि परिवार मानसिक रूप से बेहद तनाव में है और लगातार उनकी खोज में जुटा हुआ है। परिजनों ने मधुसूदनपुर थाना में आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से जांच आगे बढ़ाती है और लापता महिला को खोज निकालने में सफल होती है या नहीं। परिजनों ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लक्ष्मी देवी के संबंध में कोई भी सूचना मिले तो वह तुरंत 6201589418 नंबर पर संपर्क करें।
