सुलतानगंज में हत्या की साजिश नाकाम, अवैध हथियार व 14 ग्राम स्मैक के साथ मृत्युंजय कुमार यादव नामक अपराधी गिरफ्तार

रिपोर्ट – अमरजीत कुमार तिवारी भागलपुर/बिहार

भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता आयोजित करते हुए पत्रकारों से रूबरू हुए। प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर सघन गश्ती एवं हॉट-स्पॉट क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 16 जनवरी 2026 को पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि सुलतानगंज थाना कांड संख्या 23/2026 के वादी की हत्या की नीयत से एक अपराधकर्मी अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, भागलपुर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोलगामा बगीचा क्षेत्र में छापेमारी की, जहां से अपराधकर्मी मृत्युंजय यादव, पिता आमीर यादव, निवासी कोलगामा, थाना सुलतानगंज, जिला भागलपुर को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, 14 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन तथा 2260 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस मामले में अग्रतर कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने इस गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक गंभीर अपराध को टाल दिया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!