ज़की हमदम ठाकुरगंज किशनगंज
ठाकुरगंज क्रिकेट क्लब एसोसिएशन (TCCA) के तत्वावधान में गांधी मैदान, ठाकुरगंज में आयोजित न्यू ईयर चैलेंजर क्रिकेट ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले में ठाकुरगंज की रानी ड्रेसेस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलसीसी टीम को 183 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस मुकाबले में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रानी ड्रेसेस के आजम अली को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर बतौर अतिथि पत्रकार सह जिला परिषद सदस्य उम्मीदवार नजमुल हसनैन उर्फ जकी और मुख्तार आलम उपस्थित रहे। यह मुकाबला 20-20 ओवरों का खेला गया। एलसीसी टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया और रानी ड्रेसेस को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
पहली पारी में रानी ड्रेसेस की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19.5 ओवर में 305 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कुमार ने 79 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि चंदू ने 59 और बोनोमली ने 55 रन का योगदान दिया। एलसीसी की ओर से गेंदबाजी में सद्दाम हुसैन और याजदानी ने चार-चार विकेट झटके।
306 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलसीसी टीम दूसरी पारी में दबाव नहीं झेल सकी और 12.5 ओवर में मात्र 122 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एलसीसी के लिए नौसाद आलम ने 37 रन और सद्दाम हुसैन ने 30 रन बनाए। रानी ड्रेसेसे की ओर से गेंदबाजी में आजम अली ने तीन विकेट लिए, जबकि विकास और चंदू ने दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए आजम अली ने 45 रन बनाने के साथ-साथ तीन महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किए, जिसके चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
मैच में अंपायर की भूमिका नसीम अख्तर और अनिल साह ने निभाई, जबकि थर्ड अंपायर प्रेम चौधरी रहे। मैच रेफरी रोहित जायसवाल, उद्घोषक मो. वसीम नासिर, तथा स्कोरर के रूप में रोशन साह और विशाल चौधरी मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में टीसीसीए अध्यक्ष कन्हैया लाल महतो, सचिव संजय सिन्हा, संयोजक अमित सिन्हा, उपाध्यक्ष रोहित जायसवाल सहित शांतनु मंडल, अनिल साह, बिट्टू साह, प्रेम चौधरी, सुशांतो साहा, दुर्गा साह, सोहराब सईद, इंद्रजीत चौधरी, रोशन साह, रजी हैदर, ऋतिक चौधरी, सूरज चौधरी, संजीव झा, अमन चौधरी, अजय दे, गोविंद यादव और विकास दे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
