ठाकुरगंज में बुढ़ीगंगा नदी की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग तेज

ठाकुरगंज में बुढ़ीगंगा नदी की सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग तेज

बिहार ब्यूरो

सहयोग शिविर में अधिवक्ता कौशल किशोर यादव समेत ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, बाढ़ और जलजमाव की आशंका जताई

ठाकुरगंज, 18 जून। ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने बुढ़ीगंगा नदी की सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया है कि वार्ड संख्या 09, 07 एवं 11 सहित कनकपुर पंचायत और आसपास के क्षेत्रों से होकर बहने वाली बुढ़ीगंगा नदी कई स्थानों पर अतिक्रमण, गाद जमाव और जलकुंभी के कारण अवरुद्ध हो गई है। इससे नदी का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हो रहा है तथा किसानों और आम लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी के जल प्रवाह में बाधा के कारण लगभग 100 एकड़ से अधिक कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका है। क्षेत्र में धान, चाय, अनानास, मक्का सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही मानसून के दौरान जलजमाव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने का खतरा भी बढ़ गया है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माणाधीन ठाकुरगंज बायपास सड़क परियोजना के तहत कुछ स्थानों पर किए गए निर्माण कार्यों से प्राकृतिक जल निकासी प्रभावित हुई है। विशेष रूप से मुशिफीदा कब्रिस्तान के समीप बने कलवर्ट के निकास मार्ग में अवरोध होने से जल प्रवाह बाधित हो रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी की सफाई (डी-सिल्टिंग), अतिक्रमण हटाने, जलकुंभी की सफाई, अवैध निर्माणों की जांच तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी मानसून में व्यापक जलजमाव और फसल क्षति की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!