राहगीर से लूटपाट और मारपीट करने वाले चार आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, नकदी व बेल्ट जब्त

 

बिलासपुर: चौकी मल्हार थाना मस्तुरी क्षेत्र में राहगीर के साथ मारपीट कर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 1400 रुपये नगद राशि और वारदात में प्रयुक्त एक बेल्ट भी बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामप्यारे राय (62 वर्ष), निवासी चौहा, ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 मार्च 2026 की रात लगभग 11:50 बजे वह डगनिया से एक शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान चकरबेढा और डगनिया के बीच रोशन भंडारी, सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, सुमित दिनकर उर्फ सोमू और मंजेश खूंटे ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने उनसे पैसे की मांग करते हुए अश्लील गालियां दीं और बेल्ट व हाथ-मुक्कों से मारपीट की। जब पैसे नहीं मिले तो उनकी शर्ट की जेब में रखे 1400 रुपये लूट लिए और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद घायल रामप्यारे राय सुबह लगभग 6 बजे तक वहीं पड़े रहे। बाद में गांव के कुछ लोगों ने उन्हें उठाकर घर पहुंचाया, जिसके बाद परिजनों के साथ उन्होंने चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और एसडीओपी के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम चकरबेढा से चारों संदेहियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुमित दिनकर के पास से 1400 रुपये नगद और मंजेश खूंटे के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बेल्ट जब्त की।

पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

रिपोर्टर: महेंद्र सिंह राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!