नवाबबाघ कॉलोनी में पैथोलैब का सामान चोरी, पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।

भागलपुर जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित नवाबबाघ कॉलोनी में चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एक बच्ची द्वारा संचालित पैथोलैब, जिसका सेटअप हाल ही में किया जा रहा था, को चोरों ने निशाना बनाया। चोर यहां से भारी मात्रा में महंगे उपकरण और अन्य जरूरी सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लिया। सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और परिजनों से पूछताछ की गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं तिलकामांझी थाना अध्यक्ष ने बताया कि अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद ही आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!