बंदरझूला पंचायत सरकार भवन का विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी एक छत के नीचे सरकारी सेवाएं
ठाकुरगंज, किशनगंज। ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र की बंदरझूला पंचायत के ग्रामीणों का वर्षों पुराना इंतजार बुधवार को समाप्त हो गया। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पंचायत के मुखिया इकरामुल हुसैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधायक का बुके भेंट कर भव्य नागरिक अभिनंदन किया।
उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने कहा कि पंचायत सरकार भवन के संचालन से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब, किसान और बुजुर्गों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले जाति, निवास, पेंशन समेत अन्य सरकारी कार्यों के लिए लोगों को कई किलोमीटर दूर प्रखंड मुख्यालय जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
विधायक ने बताया कि अब पंचायत सरकार भवन में ही पंचायत स्तर की विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध होंगी। भवन में आरटीपीएस काउंटर, हल्का कर्मचारी, लोक शिकायत निवारण सहित अन्य प्रशासनिक कार्य एक ही छत के नीचे संचालित किए जाएंगे, जिससे आम लोगों को सरकारी सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आशीष कुमार, बीपीआरओ अजीत कुमार, विधायक प्रतिनिधि सिराजुद्दीन, जदयू प्रखंड अध्यक्ष बीरेन्द्र कुमार सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
