डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840
भागलपुर रंग महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू, 24 से 26 दिसंबर तक होगा 13वां आयोजन
भागलपुर। रंग ग्राम जन सांस्कृतिक मंच, भागलपुर की ओर से लोक कला, रंगकर्म और राष्ट्रीय एकता को समर्पित 13वें भागलपुर रंग महोत्सव 2026 के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। महोत्सव के आयोजन को लेकर भागलपुर रंग महोत्सव आयोजन समिति की बैठक स्थानीय एसएमएस स्कूल, बूढ़ानाथ चौक में श्रीप्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में समिति के सदस्यों ने महोत्सव के आयोजन, कार्यक्रमों की रूपरेखा और देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकारों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं की भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 13वां भागलपुर रंग महोत्सव 24 से 26 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
समिति के अनुसार, पिछले वर्षों की तरह इस बार भी महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें बहुभाषीय लघु नाटक, नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य और रंग जुलूस मुख्य आकर्षण होंगे। अलग-अलग भाषाओं और क्षेत्रों की लोक एवं रंग परंपराओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भागलपुर रंग महोत्सव देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दे सके।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि महोत्सव की तैयारियों के तहत देश के विभिन्न प्रदेशों की कला एवं सांस्कृतिक संस्थाओं से संपर्क किया जाएगा। विभिन्न राज्यों के कलाकारों और रंगकर्मियों को भागलपुर आमंत्रित करने की योजना है। इसके माध्यम से अलग-अलग प्रदेशों की लोक कला, नृत्य, नाटक और सांस्कृतिक परंपराओं को भागलपुर के दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन समिति का कहना है कि भागलपुर रंग महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि लोक कला और रंगकर्म को बढ़ावा देना, कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और देश की सांस्कृतिक विविधता को एक सूत्र में जोड़ना भी है। तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान कलाकारों और रंगकर्मियों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में कपिल देव, रंग पंकज कुमार सिंह, अंकित कुमार सिंह, नीतीश कुमार, मनीष कुमार, मोहम्मद तकी अहमद, जावेद, विनोद कुमार, रंजन, तरुण, किरण, देवाशीष बनर्जी, डॉ. सुमन सोनी, उमा घोष, राजीव राज सिंह, तापस घोष, सुनील कुमार रंग समेत आयोजन समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
महोत्सव की तैयारियों से जुड़ी जानकारी मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा और सुनील रंग ने संयुक्त रूप से देते हुए कहां की 24 से 26 दिसंबर तक होने वाले 13वें भागलपुर रंग महोत्सव में देशभर के कलाकार लोक कला, रंगकर्म और सांस्कृतिक विविधता के जरिए राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।
