दल्लेगांव पंचायत की समस्याओं को लेकर विधायक गोपाल अग्रवाल से मिले संघर्ष कमेटी के सदस्य
ठाकुरगंज: दल्लेगांव पंचायत की वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर गुरुवार को दल्लेगांव पंचायत संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद जहुर आलम रज़वी के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों ने ठाकुरगंज विधानसभा के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल से मुलाकात कर पंचायत की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया।
संगठन के सदस्यों ने विधायक को बताया कि दल्लेगांव पंचायत बरसात के दिनों में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हो जाता है। अधूरा पुल निर्माण, नदी कटाव, जर्जर सड़क एवं बिजली व्यवस्था की समस्या से ग्रामीणों को हर वर्ष भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बारिश के दौरान कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़क से कट जाता है, जिससे आम लोगों के साथ मरीजों एवं महिलाओं को काफी दिक्कत होती है।
मुलाकात के दौरान पंचायत में तेजी से हो रहे नदी कटाव पर भी चिंता जताई गई। संगठन के सदस्यों ने कहा कि कटाव की वजह से हर साल किसानों की जमीन नदी में समाती जा रही है तथा कई परिवारों पर विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है। वहीं पंचायत में बिजली पोल गिरने एवं लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की समस्या को भी विधायक के समक्ष रखा गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्राम योजना के अंतर्गत बनी सड़कों की खराब गुणवत्ता एवं कई हिस्सों में अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि सड़क निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई है, जिसके कारण सड़क एक वर्ष के भीतर ही जर्जर हो चुकी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने संगठन के सदस्यों को आश्वस्त किया कि पंचायत की बिजली व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराई जाएगी तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की रिपेयरिंग का कार्य भी शीघ्र कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बरसात के कारण रुका हुआ पुल निर्माण कार्य बारिश समाप्त होते ही दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
मौके पर दल्लेगांव पंचायत संघर्ष कमेटी के उपाध्यक्ष नदीम सरवर,सचीव डॉ. रिजवान, उपाध्यक्ष,मासूम राजा, महासचिव नफीस आलम सहित दल्लेगांव पंचायत संघर्ष कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे।
