नवपदस्थापित डीएम नवीन कुमार ने ठाकुरगंज प्रखंड का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा
किशनगंज, नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार ने बुधवार को ठाकुरगंज प्रखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के कार्यों का जायजा लिया तथा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभुकों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पारदर्शिता के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर प्रखंड के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
