डेस्क बिहार भागलपुर 11-10-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
दुर्गा पूजा को लेकर जगदीशपुर बाजार में अतिक्रमण हटाया गया
सड़क किनारे से हटाई गईं दुकानें, दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी
जगदीशपुर। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इसके लिए जगदीशपुर बाजार में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। अंचलाधिकारी सतीश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान संबंधित लोगों को सरकारी जमीन पर दोबारा दुकान नहीं लगाने की चेतावनी दी गई।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर बाजार में अतिक्रमण की समस्या को लेकर दुर्गा पूजा समिति के सचिव भारती भूषण झा और प्रमुख पति अजय मंडल ने अंचलाधिकारी को आवेदन दिया था। आवेदन में कोकरा पुल से अस्पताल चौक तक मुख्य सड़क के दोनों किनारों, थाना परिसर स्थित महिला पुलिस आवास के सामने तथा दुर्गा मंदिर परिसर की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई थी।
आवेदन में कहा गया था कि मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आगे तक बढ़ा लिया है। वहीं, कई जगहों पर सरकारी जमीन पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर कब्जा कर लिया गया है। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ बढ़ने पर लोगों को परेशानी हो सकती है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह, अमरजीत कुमार सिंह, अजीत कुमार, धनंजय कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को सरकारी जमीन खाली रखने और दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी।
