कटिहार में नंदन यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी अरेस्ट: भूमि विवाद में हत्या, पिस्टल-कारतूस के साथ दबोचा
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार में भूमि विवाद को लेकर नंदन यादव की हत्या के मामले में पुलिस और एसटीएफ ने मुख्य आरोपी संजय कुमार यादव उर्फ डिपो को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने वैज्ञानिक और मानवीय सूचना के आधार पर 3 अक्टूबर को चांदपुर बहियार से आरोपी को पकड़ा।
मचान पर सो रहे नंदन को मारी गोली
मामला पोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव का है। नंदन यादव की पत्नी रंभा देवी ने 16 सितंबर को पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की रात करीब 10 बजे उनके पति मचान पर सोने गए थे। सुबह करीब 5 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर वह बाहर निकलीं तो नंदन के सिर में गोली लगी थी।
पत्नी ने आरोपी को पिस्टल लेकर भागते देखा
रंभा देवी के अनुसार, उन्होंने संजय कुमार यादव को पिस्टल लेकर घटनास्थल से भागते देखा था। उनके साथ अरुण यादव और नूतन देवी के भी वहां से फरार होने की बात कही गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
पुराना भूमि विवाद बना हत्या की वजह?
परिजनों के अनुसार, नंदन यादव और संजय कुमार यादव के बीच पुराना भूमि विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर संजय ने नंदन को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस अब हत्या में भूमि विवाद की भूमिका और अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
एसआईटी ने वैज्ञानिक जांच से दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 3 अक्टूबर को चांदपुर बहियार से संजय कुमार यादव उर्फ डिपो को गिरफ्तार कर लिया गया।
पिस्टल, तीन कारतूस और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार यादव उर्फ डिपो (38) चांदपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या में शामिल अन्य लोगों और घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।
