ER/MALDA DIVISION
Press Release No: 2026/06/24
मालदा मंडल द्वारा मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर तपेदिक (टीबी) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।
*भारत सरकार के राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (National Tuberculosis Elimination Programme–NTEP) तथा “टीबी मुक्त भारत” के संकल्प के अनुरूप, टीबी मुक्त भारत हेतु 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा आज मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर तपेदिक (टीबी) जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।*
*यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक, मालदा, श्री मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मंडल रेलवे अस्पताल, मालदा, डॉ. अनुपा घोष के पर्यवेक्षण तथा अपर मंडल चिकित्सा अधिकारी (एडीएमओ), मालदा, डॉ. अथिरा प्रतापन के नेतृत्व में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण (एचएफडब्ल्यू) विभाग द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मालदा की टीम तथा मंडल रेलवे अस्पताल, मालदा के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।* स्टेशन परिसर में आयोजित जागरूकता अभियान के माध्यम से तपेदिक की रोकथाम, शीघ्र पहचान, जांच एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी आमजन तक पहुँचाई गई।
*अभियान के अंतर्गत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मालदा द्वारा एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया,* जिसके माध्यम से तपेदिक के लक्षण, संक्रमण के तरीके, समय पर जांच, उपचार का पूर्ण पालन तथा बचाव के उपायों के संबंध में जागरूकता फैलायी गई। नाटक के माध्यम से टीबी से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों एवं सामाजिक मिथकों का भी प्रभावी ढंग से निराकरण किया गया तथा यह संदेश दिया गया कि समय पर पहचान एवं नियमित उपचार से तपेदिक पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। साथ ही लोगों को बिना किसी संकोच के चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों एवं आम नागरिकों को तपेदिक के प्रति जागरूक करना, रोग से जुड़े सामाजिक कलंक एवं भ्रांतियों को दूर करना तथा समय रहते स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के प्रति सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित करना था। यह पहल भारत सरकार के “टीबी मुक्त भारत” के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करने की दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल की सतत प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करती है।
