किशनगंज में NIA की बड़ी कार्रवाई, विदेशी संगठन से संबंध के शक में युवक हिरासत में

किशनगंज में NIA की बड़ी कार्रवाई, विदेशी संगठन से संबंध के शक में युवक हिरासत में

किशनगंज। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार तड़के बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत मिर्जापुर गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। एजेंसी की टीम ने सुबह करीब 3 बजे से गांव में छापेमारी शुरू की और कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया।

जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान मनोज रविदास के रूप में हुई है। NIA की टीम उससे पूछताछ कर रही है। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को इनपुट मिला था कि मनोज का संबंध किसी विदेशी संगठन से हो सकता है। इसी आधार पर कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान एक ऑडियो क्लिप भी बरामद हुई है, जिसे एजेंसी अहम सबूत मानकर जांच कर रही है।

हालांकि, NIA की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। छापेमारी के दौरान NIA के साथ ATS, NSG और STF की टीमें भी मौजूद थीं। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और स्थानीय पुलिस बल को भी तैनात किया गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जांच एजेंसियों ने घर के अंदर कई घंटों तक गहन तलाशी ली। इस दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने घर के आसपास किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं दी।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के बाद NIA की टीम संदिग्ध व्यक्ति को अपने साथ लेकर गांव से निकल चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि आगे की पूछताछ के लिए उसे किशनगंज सर्किट हाउस ले जाया जा सकता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति के खिलाफ किस विशेष मामले में जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद मिर्जापुर गांव सहित आसपास के इलाकों में चर्चा का माहौल है। लोग NIA की कार्रवाई के पीछे की वजह जानने को लेकर उत्सुक हैं। वहीं, स्थानीय प्रशासन फिलहाल मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहा है। जिले में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!