ठाकुरगंज में मौलाना तौसीफ रज़ा की संदिग्ध मौत पर आक्रोश, कड़ी कार्रवाई और मुआवज़े की मांग तेज

ठाकुरगंज में मौलाना तौसीफ रज़ा की संदिग्ध मौत पर आक्रोश, कड़ी कार्रवाई और मुआवज़े की मांग तेज

किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत भोगडाबर पंचायत के बाखोटोली गांव निवासी मौलाना तौसीफ रज़ा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रेन में उनके साथ मारपीट की गई और बाद में उन्हें चलती ट्रेन से फेंक दिया गया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना न केवल मानवता को झकझोर देने वाली है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

जिला परिषद प्रत्याशी, क्षेत्र संख्या 13 ठाकुरगंज से नजमुल हुसैन ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि “यह बेहद दुखद और निंदनीय घटना है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”

उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को अविलंब उचित मुआवज़ा प्रदान किया जाए, साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि उनका जीवन यापन सुचारू रूप से चल सके।

नजमुल हुसैन ने यह भी मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और शीघ्र जांच सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, और लोग न्याय की मांग को लेकर एकजुट हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!