घनश्यामपुर के राजीव मंडल बने असिस्टेंट प्रोफेसर, देउरी गांव में खुशी की लहर

 

यूजीसी नीट उत्तीर्ण कर हैदराबाद के प्रतिष्ठित संस्थान में मिली नियुक्ति, ग्रामीणों ने बांटी मिठाइयां

घनश्यामपुर प्रखंड अंतर्गत देउरी गांव के युवक राजीव मंडल ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने यूजीसी नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर हैदराबाद स्थित देश के प्रतिष्ठित ‘सी.आर. राव एडवांस्ड इंस्टीट्यूट ऑफ मैथमेटिक्स स्टैटिस्टिक्स एंड कंप्यूटर साइंस में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

राजीव मंडल एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता जगदेव मंडल और माता मंजू देवी ने सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर राजीव ने यह मुकाम हासिल किया है।

बताया जाता है कि यह संस्थान हैदराबाद विश्वविद्यालय के गाचीबौली कैंपस में स्थित है और गणित व सांख्यिकी के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा एवं शोध के लिए देशभर में प्रसिद्ध है।

राजीव की सफलता की खबर मिलते ही देउरी गांव सहित पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजीव की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि राजीव मंडल भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करते रहेंगे और अपने गांव व जिले का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!