पॉलिटेक्निक कॉलेज में राहत शिविर का शिवराज और सीएम ने लिया जायजा
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर। गंगा, कोसी और गंडक समेत कई नदियों के उफान से बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बुधवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। दोनों नेताओं ने हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ और कटाव की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद बरारी स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रहे बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया और शिविर में रह रहे प्रभावित लोगों से बातचीत की।
शिविर में केंद्रीय मंत्री ने भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और बच्चों की पढ़ाई के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने राहत शिविर में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आपदा मित्रों ने भी राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों के साथ खड़ी है। बाढ़ से फसलों और मकानों को हुए नुकसान का आकलन कराया जाएगा और नियमों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
