भागलपुर सहनोला मुख्य मार्ग पर एक वाहन ने 22 वर्षीय व्यक्ति को टक्कर मार कर फरार
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर संन्होला मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने 22 वर्षीय युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
घायल युवक की पहचान अमन कुमार, उम्र 22 वर्ष, पिता शिवाजी उर्फ शिव जी, निवासी बड़े हसनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन कुमार सड़क किनारे अपने काम से जा रहा था, तभी तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। जगदीशपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया।
फिलहाल मायागंज अस्पताल में युवक का इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताई है और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है तथा दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
