किशनगंज जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अनुमंडल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न नदी घाटों पर छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित बालू खनन पर रोक लगाने का अभियान चलाया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश कुमार ने किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अवैध खनन में लगी दर्जनों नावों को जब्त कर उन्हें नष्ट कराया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। कई स्थानों पर खनन कार्य को तत्काल बंद करा दिया गया, जबकि मौके से कुछ लोग फरार होने में सफल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए यह कार्रवाई जरूरी है। वहीं, पुलिस पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और तेज की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी।
