कटिहार में मार्मिक घटना: बेटे के गम में मां की मौत, कुछ घंटों बाद बेटे ने भी तोड़ा दम
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
मनसाही, कटिहार: प्रखंड क्षेत्र की कुरेठा पंचायत के रामनगर बलुआ गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर दिया। बीमार बेटे की चिंता में डूबी मां ने पहले प्राण त्यागे और महज कुछ घंटों बाद बेटे ने भी दुनिया छोड़ दी। मां-बेटे की एक साथ अर्थी उठी तो पूरा गांव गमगीन हो उठा।
बेटे की बीमारी से परेशान थी मां
मिली जानकारी के अनुसार 58 वर्षीय शिवजी यादव पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके स्वास्थ्य को लेकर उनकी वृद्ध मां जलेश्वरी देवी काफी चिंतित रहती थीं। शुक्रवार सुबह अचानक जलेश्वरी देवी का निधन हो गया।
मां की मौत का सदमा नहीं सह पाए बेटा
मां की मौत की खबर शिवजी यादव बर्दाश्त नहीं कर सके। बताया गया कि चंद घंटों के भीतर उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। इस दोहरी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पीछे छोड़ गए भरा-पूरा परिवार
शिवजी यादव अपने पीछे दो बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मां और बेटे की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही कुरेठा पंचायत के मुखिया अवधेश यादव गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि बेटे के गम में मां चली गई और फिर बेटे ने भी दम तोड़ दिया, यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है।
एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
ग्रामीणों की मौजूदगी में मां-बेटे का अंतिम संस्कार मनिहारी गंगा घाट पर एक साथ किया गया। यह दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
