भागलपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की भीषण सड़क हादसे में मौत, कन्नौज में हुआ हादसा
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर।बिहार प्रदेश के कांग्रेस के कद्दावर नेता हर दिल अजीज,चेहरे पर हमेशा मुस्कान भागलपुर जिला कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा की उत्तर प्रदेश के कन्नौज के पास एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। यह दुखद घटना उस समय हुई जब वे दिल्ली से वापस लौट रहे थे। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार में सवार उनकी साली, भतीजा और चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
*अधूरा रह गया पार्टी को शीर्ष पर पहुंचाने का संकल्प*
प्रवीण सिंह कुशवाहा को मात्र एक महीने पहले ही भागलपुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही वे काफी सक्रिय थे और उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कई योजनाओं पर काम शुरू कर दिया था। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और संघर्षशीलता को देखते हुए नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया था, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।
*राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर*
उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही भागलपुर सहित पूरे बिहार के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इसे संगठन के लिए एक बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि प्रवीण कुशवाहा एक ऐसे नेता थे जो कार्यकर्ताओं की आवाज बुलंद करने के लिए जाने जाते थे। उनके जाने से एक शून्य पैदा हो गया है जिसे भरना मुश्किल होगा। अनवरत 40 वर्षों से वे कांग्रेस के समर्पित सिपाही थे।
*मानवाधिकार संगठन के मीडिया प्रकोष्ठ राष्ट्रीय सचिव ने जताया शोक*
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं आर टी आई जागरूकता संगठन भारत के मीडिया प्रकोष्ठ राष्ट्रीय सचिव श्री विभूति सिंह ने बताया कि जिले में इस असामयिक निधन से शोक की लहर व्याप्त है। श्री प्रवीण सिंह कुशवाहा हमारे अभिभावक थे हमेशा चेहरे पर मुस्कान और गरीब असहाय व लाचार व्यक्तियों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। ईश्वर श्री चरणों में उन्हें बेहतर स्थान दे और उनके परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
