लोन दिलाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: दर्जनों महिलाओं से लाखों की ठगी कर फरार हुई नजराना खातून

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनिया गांव में लोन दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। गांव की ही रहने वाली नजराना खातून पर आरोप है कि उसने दर्जनों महिलाओं को झांसे में लेकर उनके नाम पर बैंक से लोन उठाया और अधिकांश रकम खुद हड़प कर फरार हो गई। घटना के बाद पीड़ित महिलाएं अब कर्ज के बोझ तले दब गई हैं और बैंक उनसे किस्त चुकाने का दबाव बना रहे हैं। जानकारी के अनुसार, नजराना खातून ने महिलाओं को आसान तरीके से लोन दिलाने का भरोसा दिलाया। उसने महिलाओं के दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग बैंकों से लोन पास करवाया, लेकिन लोन की पूरी राशि खुद रख ली। महिलाओं को केवल 1000 से 2000 रुपये देकर यह भरोसा दिलाया गया कि वह नियमित रूप से सभी किस्तों का भुगतान करती रहेगी। शुरुआत में भरोसा कायम रखने के लिए उसने दो-तीन किस्तें भी जमा कीं, जिससे महिलाओं का विश्वास और मजबूत हो गया। इसी दौरान नजराना खातून ने चुपचाप अपनी जमीन और घर बेच दिया और सभी का पैसा लेकर फरार हो गई। ठगी की शिकार महिलाओं में छेदिया देवी (50 हजार), अमेरिका देवी (70 हजार), संजू देवी (80 हजार), खुशियां देवी (50 हजार), जूही देवी (48 हजार), सूबेदार खातून (35 हजार), रीता देवी (50 हजार), रोशनी देवी (98 हजार), तुरिया खातून (70 हजार), झामऊ देवी (70 हजार) समेत कई अन्य शामिल हैं। सभी महिलाओं के नाम पर लोन लिया गया, लेकिन उन्हें मामूली रकम देकर बाकी राशि हड़प ली गई। अब पीड़ित महिलाएं प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, ठगी की राशि की बरामदगी और बैंक से लिए गए कर्ज से मुक्ति दिलाने की मांग कर रही हैं। इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग ऐसे झांसे से सावधान रहने की बात कह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!