कटिहार में आपसी विवाद को लेकर मारपीट, मुंशी की मौत: 2 पक्षों में बहस के बाद शुरू हुआ था विवाद

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार के बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के खाड़ी गांव में आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मोहम्मद मुजम्मिल के रूप में हुई है, जो पेशे से मुंशी थे। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, खाड़ी गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। यह विवाद जल्द ही धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान मोहम्मद मुजम्मिल गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया
घायल मुजम्मिल को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचने पर क्षेत्र में गम का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही बलिया बेलौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली

बलिया बेलौन थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है। धक्का-मुक्की और मारपीट के दौरान मुजम्मिल घायल हुए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी ने आगे बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रख रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!