कटिहार प्लेटफॉर्म पर महिला की सेफ डिलीवरी: डॉक्टर के पहुंचने से पहले RPF-GRP महिला जवानों ने कराया प्रसव, जच्चा-बच्चा सुरक्षित

कटिहार प्लेटफॉर्म पर महिला की सेफ डिलीवरी: डॉक्टर के पहुंचने से पहले RPF-GRP महिला जवानों ने कराया प्रसव, जच्चा-बच्चा सुरक्षित

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की महिला कर्मियों ने एक महिला यात्री का सुरक्षित प्रसव कराया। रेलवे डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर यह डिलीवरी हुई, जिसमें एक स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ।
जानकारी के अनुसार, कदवा निवासी शाकिरा खातून अपने पति के साथ मुंबई से साप्ताहिक ट्रेन से लौट रही थीं। कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंचते ही उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। प्लेटफॉर्म पर महिला को दर्द में देखकर यात्रियों में हलचल मच गई।

RPF-GRP महिला जवानों की गोद में नवजात।

ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की एलएसआई मुक्ति शील और महिला कांस्टेबल विमलेश कुमारी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने रेलवे डॉक्टर को सूचित करने के साथ ही अपनी सूझबूझ से प्लेटफॉर्म पर ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।

प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर

आरपीएफ की दोनों महिला कर्मियों के प्रयासों से शाकिरा खातून ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। कुछ देर बाद पहुंचे रेलवे चिकित्सक ने मां और नवजात की जांच की, जिसमें दोनों को स्वस्थ पाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जच्चा-बच्चा को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से सदर अस्पताल, कटिहार भेजा गया।
महिला सुरक्षा प्राथमिकता-आरपीएफ इंस्पेक्टर
शाकिरा खातून और उनके पति ने इस कार्य के लिए रेल प्रशासन के साथ-साथ एलएसआई मुक्ति शील और महिला कांस्टेबल विमलेश कुमारी का आभार व्यक्त किया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने भी दोनों महिला जवानों की सराहना की।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और एलएसआई मुक्ति शील तथा कांस्टेबल विमलेश के तत्परता व साहस की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!