कटिहार में 7380 घरों पर लगेंगे सोलर प्लांट: CM ने शुरू की पीएम सूर्य घर योजना, ₹78 हजार तक सब्सिडी, पोर्टल पर आवेदन शुरू
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
बिहार के मुख्यमंत्री ने पटना के विद्युत भवन से “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। इसके साथ ही, ऊर्जा क्षेत्र की 1278.03 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया।
यह कार्यक्रम 14 जून को अपराह्न 04 बजे आयोजित किया गया था। कटिहार के एनआईसी सभागार से जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, कई विधायक (दुलाल चन्द्र गोस्वामी, निशा सिंह, विजय सिंह,
कविता देवी, संगीता देवी), जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह और महापौर उषा देवी अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी, मीडियाकर्मी, लाभार्थी और विभागीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े।
पीएम सूर्य घर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं
कटिहार के विद्युत कार्यपालक अभियंता धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले में कुल 7380 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कार्य का ठेका मेसर्स सेन एंड पंडित वोल्टेज कंट्रोल प्रा. लिमिटेड को दिया गया है।
धीरज कुमार सिन्हा ने यह भी जानकारी दी कि कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के अलावा, अन्य इच्छुक घरेलू उपभोक्ता भी पीएम सूर्य घर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया में वेंडर के चयन के बाद, पीएम जन समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऋण के लिए आवेदन का विकल्प भी उपलब्ध है।
सरकार सोलर पैनल लगाने पर सब्सिडी प्रदान कर रही
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सरकार सोलर पैनल लगाने पर सब्सिडी प्रदान कर रही है। 1 किलोवाट के सोलर पैनल पर 30,000 रुपये, 2 किलोवाट पर 60,000 रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी।
कार्यपालक अभियंता धीरज कुमार सिन्हा के अनुसार, इस पहल से उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा प्राप्त होगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
