मंदिर में बार-बार चोरी होना आस्था पर चोट, पुलिस का गुप्तचर तंत्र कमजोर: विधायक गोपाल अग्रवाल
किशनगंज, प्रतिनिधि। ठाकुरगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-02 स्थित कलकतिया फॉर्म काली मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को ठाकुरगंज विधायक गोपाल अग्रवाल मंदिर पहुंचे और मां काली की पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर प्रबंधन समिति से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली।
विधायक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए किशनगंज पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार से दूरभाष पर बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी दी तथा ठाकुरगंज नगर क्षेत्र में पूर्व में मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं की पुनः जांच कर उनके उद्भेदन की मांग की।
विधायक गोपाल अग्रवाल ने कहा कि कलकतिया फॉर्म काली मंदिर में हुई चोरी कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि हिंदू आस्था पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी कई मंदिरों में बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन आज तक किसी भी मामले का पुलिस द्वारा सफल उद्भेदन नहीं किया जा सका है। इससे चोरों का मनोबल बढ़ा है।
मीडिया से बातचीत में विधायक ने कहा कि लगातार हो रही चोरी और मामलों का खुलासा नहीं होना पुलिस प्रशासन के कमजोर गुप्तचर तंत्र को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में पदस्थापित अधिकारियों के कार्यकाल में पुलिस व्यवस्था कमजोर हुई है। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार इस मामले का शीघ्र और प्रभावी उद्भेदन करेंगे।
वहीं, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किए जाने की संभावना है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है।
