विश्व रक्तदाता दिवस पर रेड क्रॉस का विशाल रक्तदान शिविर, 31 यूनिट रक्त संग्रह

ज़की हमदम किशनगंज

किशनगंज। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज द्वारा शनिवार को तेरापंथ भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शंकर लाल महेश्वरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिराज खुसरो तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव मिक्की साहा ने स्वयं रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की। अधिकारियों के इस प्रेरणादायक कदम से उपस्थित लोगों में रक्तदान के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

रक्तदान शिविर में गायत्री परिवार ट्रस्ट, जैन युवा मंडल, गोसवारा समिति सह मनोरंजन क्लब एवं तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम सहित कई सामाजिक संगठनों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। शिविर के दौरान कुल 31 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

रक्तदान करने वालों में विकास जैन, गौतम सोमानी, रमेश साहा, बुलंद अख्तर हाशमी, शिवम साहा, सत्यम साहा, प्रबीर प्रसून, नवीन बाफना, अजय सिंह, विनीत दफ्तरी, अमनदीप सिंह, शरद कनोदिया तथा स्टार हेल्थ के सेल्स मैनेजर अमित भगत सहित कई लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी विशाल राज ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है तथा प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव मिक्की साहा ने कहा कि जिले में रक्त की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन कर लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम का सफल संचालन अजय गुप्ता ने किया। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज की ओर से सभी रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!