कटिहार नगर निगम के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर: नियमितीकरण समेत 3 मांगों पर अड़े; सफाई, जलापूर्ति और कचरा उठाव पर पड़ सकता है असर

कटिहार नगर निगम के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर: नियमितीकरण समेत 3 मांगों पर अड़े; सफाई, जलापूर्ति और कचरा उठाव पर पड़ सकता है असर

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

कटिहार नगर निगम के कर्मचारी मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। स्थायी, संविदा, दैनिक, अनुबंध, बाह्य सेवा और एनजीओ के कर्मचारी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और शहर का भ्रमण भी किया। संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान सरकारी संपत्ति को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।

स्थानीय निकाय कर्मी चरणबद्ध आंदोलन कर रहे
संघ के उपाध्यक्ष अंबिका पासवान ने बताया कि यह हड़ताल बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज फेडरेशन और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (एक्टू) संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर की जा रही है। राज्यभर में स्थानीय निकाय कर्मी चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं, जिसके तहत कटिहार नगर निगम के कर्मचारियों ने 4 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सेवा का नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, वे ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त करने तथा एसीपी/एमसीपी योजना का पूर्ण क्रियान्वयन करते हुए लंबित बकाया राशि का भुगतान करने की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन के साथ किसी भी प्रकार के टकराव से बचेंगे
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती या महासंघ द्वारा हड़ताल समाप्त करने की घोषणा नहीं की जाती,

तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारी लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे और प्रशासन के साथ किसी भी प्रकार के टकराव से बचेंगे।

इस हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव, जलापूर्ति और अन्य नगर निगम सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। आम नागरिक अब प्रशासन और सरकार की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!