मनोज कुमार कटिहार: जिले के डंडखोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। माधेली पक्की सड़क पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से कुल 18 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीत कुमार के रूप में हुई है, जो हरिबोला साह का पुत्र और प्राणपुर थाना क्षेत्र के रहिका गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब की खेप को अवैध रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जा रहा था।
डंडखोरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। जांच के दौरान मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी कानून के तहत अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी।
