एम.एच. आज़ाद डिग्री कॉलेज में कथित अवैध वसूली का मामला, प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग

ठाकुरगंज। एम.एच. आज़ाद नेशनल डिग्री कॉलेज, ठाकुरगंज में छात्रों से विभिन्न कार्यों के नाम पर कथित अवैध वसूली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। मामले को लेकर दल्लेगांव पंचायत संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद जहुर आलम रज़वी ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राचार्य को तत्काल पद से हटाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

मोहम्मद जहुर आलम रज़वी ने कहा कि 31 जुलाई को वह छात्रों के साथ कॉलेज पहुंचे थे, जहां प्राचार्य के साथ करीब चार घंटे तक बैठक हुई थी। बैठक में छात्रों से नामांकन, पंजीयन, बोनाफाइड सर्टिफिकेट सहित अन्य कार्यों के नाम पर ली जा रही राशि को लेकर कई शिकायतें रखी गई थीं। उनके अनुसार, बैठक के दौरान प्राचार्य और कुछ कर्मचारियों ने कई मामलों में अपनी गलती स्वीकार की थी और आगे ऐसी शिकायत नहीं होने का आश्वासन दिया था।

रज़वी ने बताया कि बैठक के दौरान प्राचार्य और कुछ कर्मचारियों की ओर से यह भी कहा गया था कि उन्हें पर्याप्त राशि नहीं मिलती और गुजारा चलाने के लिए छात्रों से “चाय-पानी” के नाम पर थोड़ी-बहुत राशि ली जाती है। इस पर उन्होंने कहा था कि यदि वास्तव में चाय-पानी या अन्य खर्च की आवश्यकता है तो उसकी बाकायदा सूची और खर्च का विवरण दिया जाए, छात्रों से अलग-अलग नामों पर राशि लेना उचित नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि “चाय-पानी” के नाम पर छात्रों से राशि लेने की यह व्यवस्था रिश्वतखोरी और छात्रों के आर्थिक शोषण को बढ़ावा देने का तरीका बन गई है। उनका कहना है कि गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से परेशान किया जाना बेहद गंभीर मामला है। वहीं, जान-पहचान वाले छात्रों से कम राशि लिए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

मोहम्मद जहुर आलम रज़वी ने कहा कि कॉलेज छात्रों की शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़ा संस्थान है। छात्रों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर प्राचार्य को तत्काल पद से हटाया जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्रों के साथ मिलकर बड़ा छात्र आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!