टीएनबी कॉलेज में फूटा छात्रों का गुस्सा! प्राचार्य कार्यालय का घेराव, जर्जर छत को लेकर जमकर उठी आवाज
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
भागलपुर टी.एन.बी. महाविद्यालय के पूर्वी छात्रावास की जर्जर छत को लेकर छात्रों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। छत का मलबा छात्रों के ऊपर गिरने की घटना और लंबे समय से चली आ रही छात्रावास की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते हुए प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया। दोपहर करीब 1:10 बजे बड़ी संख्या में छात्र प्राचार्य कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर जवाब मांगा छात्रों का कहना है कि पूर्वी छात्रावास की छत काफी समय से जर्जर स्थिति में है छत से आए दिन बड़े-बड़े टुकड़े और मलबा नीचे गिरते रहते हैं। छात्रों के मुताबिक, हाल ही में छत का मलबा छात्रों के ऊपर गिरने की घटना भी सामने आई, जिसके बाद छात्र अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि छात्रावास में रहना लगातार मुश्किल होता जा रहा है छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास की जर्जर स्थिति और अन्य समस्याओं को लेकर वे कई बार कॉलेज के प्राचार्य को जानकारी दे चुके हैं। इसके बावजूद समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं होने से छात्रों में नाराजगी बढ़ती गई। आखिरकार शुक्रवार को छात्रों ने एकजुट होकर प्राचार्य कार्यालय का घेराव कर दिया घेराव के दौरान छात्रों ने छात्रावास की छत की तत्काल मरम्मत कराने और रहने की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। छात्रों का कहना है कि छात्रावास छात्रों के रहने की जगह है, लेकिन अगर सिर के ऊपर की छत ही सुरक्षित नहीं है तो ऐसे में किसी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता वहीं, मामले को लेकर टी.एन.बी.महाविद्यालय के प्राचार्य ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं पर जल्द संज्ञान लिया जाएगा। प्राचार्य ने कहा कि छात्रावास की जर्जर छत की स्थिति को देखते हुए मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाएगा, ताकि छात्रों को रहने में किसी प्रकार की परेशानी न हो
