नालंदा जिले के भागनबीघा ओपी क्षेत्र अंतर्गत बी-एन पहाड़ी गांव में पारिवारिक रंजिश के चलते एक युवक को गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घायल युवक की पहचान नगीना नाथ के पुत्र लक्ष्मण नाथ (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इस वक्त बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में इलाजरत है।
घायल लक्ष्मण नाथ और उसकी मां जयबुल देवी ने बताया कि लक्ष्मण अपने घर में सो रहा था, तभी उसका मौसेरा भाई गोलू नाथ अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और गेट में बने छेद से लक्ष्मण पर फायरिंग कर दी। गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद गोलू नाथ फरार हो गया।
घटना की सूचना पर सदर डीएसपी-2 संजय जायसवाल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस ने किया है।