भागलपुर/नवगछिया, संवाददाता शुभम कुमार।
नवगछिया अनुमंडल के खगड़ा पंचायत अंतर्गत साहू परबत्ता बाजार में एक नशेड़ी युवक ने किराना दुकानदार पर कुदाल से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल दुकानदार को मायागंज अस्पताल, भागलपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खगड़ा निवासी बिंदेश्वरी साह का पुत्र छोटू कुमार अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान अर्जुन शाह का पुत्र मिथुन कुमार वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दोनों में हाथापाई हो गई। छोटू का बड़ा भाई राजेश कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाकर अलग कर दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद मिथुन फिर कुदाल लेकर आया और अचानक छोटू पर हमला कर दिया। उसने कुदाल से छोटू के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने घायल को परबत्ता थाना और फिर नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि आरोपी मिथुन कुमार लंबे समय से घर और दुकान पर आकर गाली-गलौज करता रहा है। वह नशे की हालत में कई असामाजिक युवकों के साथ धमकी देता और जान से मारने की बात कहता रहा है।
परिजनों ने परबत्ता थाना पुलिस पर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण घटना ने गंभीर रूप ले लिया।
