विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 08वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल,खपरैल में सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
गलगलिया —-विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 08वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, खपरैल द्वारा वाहिनी परिसर एवं समस्त सीमा चौकियों में पी. वी. सामी, कमांडेंट,के मार्गदर्शन में वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक व्यापक सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व वाहिनी के अधिकारी मुकेश कुमार,उप कमांडेंट,(प्रचार अधिकारी) ने किया एवं स्थानीय गैर-सरकारी संगठ(NGO) रोटरी क्लब सिलीगुड़ी,अनवरत सेवा समिति सिलीगुड़ी व सीमा क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों भी शामिल हुए । कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देना था।
कार्यक्रम के दौरान वाहिनी परिसर व समस्त बाह्य सीमा चौकियों के विभिन्न स्थानों पर छायादार, फलदार,फूलदार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण अभियान में वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं अन्य कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कमांडेंट, महोदय ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण एक वैश्विक आवश्यकता बन चुका है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पृथ्वी के सामने अनेक चुनौतियाँ उत्पन्न हो रही हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि एक पौधा लगाना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी कार्मिकों को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाने तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं जवानों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। यह वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में 08वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, खपरैल की एक महत्वपूर्ण पहल रही, जिसने सभी प्रतिभागियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
