संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 50 में पानी की समस्या पिछले तीन सालों से गंभीर रूप ले चुकी है। लगातार किल्लत से त्रस्त लोगों का सब्र अब टूटने लगा है। सोमवार को वार्ड की दर्जनों महिलाएं नगर निगम कार्यालय पहुंचीं और मेयर से मुलाकात कर पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई।
महिलाओं ने मेयर को ज्ञापन भी सौंपा और बताया कि वार्ड में पानी की टंकी मौजूद होने के बावजूद उन्हें नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम में कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
परेशान महिलाओं ने कहा कि बीते तीन सालों से वे पानी की किल्लत झेल रही हैं, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। पीने से लेकर घरेलू कामकाज तक में लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, मेयर ने वार्ड 50 की महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या पर गंभीरता से विचार कर जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं बल्कि समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं।
