गलगलिया (किशनगंज)–– सशस्त्र सीमा बल के उप महानिरीक्षक मंजीत सिंह पड्डा, क्षेत्रक मुख्यालय रानीडांगा ने सोमवार को 8वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, खपरैल एवं बाह्य सीमा चौकियों का औपचारिक निरीक्षण हेतु दौरा किया। उनके आगमन पर कमांडेंट श्री मितुल कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान उप महानिरीक्षक पड्डा ने सबसे पहले वाहिनी परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वाहिनी द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं अनुशासित ढंग से करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित सैनिक सम्मेलन में उप महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं बलकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने बलकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की भावना को और सशक्त बनाने का संदेश दिया। पड्डा ने 8वीं वाहिनी के कार्यों की सराहना करते हुए बलकर्मियों को और अधिक निष्ठा एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही, 8वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, खपरैल में कमांडेंट मितुल कुमार के दिशानिर्देशन में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय एवं सभी सीमा चौकियों पर तैनात समस्त बलकर्मियों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना को सामूहिक रूप से पढ़ा गया। अधिकारियों ने संविधान की पवित्रता, महत्व एवं मूल भावना से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम में सभी अधिकारी एवं बलकर्मी उपस्थित रहे।
