बिलासपुर, छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर की स्वशासी समिति (प्रबंधकारिणी सभा) की 2026 की प्रथम बैठक, श्री सुनील जैन, संभागायुक्त सह अध्यक्ष, सिम्स स्वशासी समिति की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में श्री संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर और श्री प्रकाश कुमार सर्वे, आयुक्त नगर निगम बिलासपुर ने भी गरिमामय उपस्थिति दर्ज की।
बैठक का आयोजन सिम्स के नवीन कौंसिल कक्ष में 3 फरवरी 2026 को सायं 05.00 बजे हुआ। इसमें दिनांक 04 सितंबर 2025 को संपन्न बैठक की कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की गई और उन कार्यों को सभा द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में संस्थान की शैक्षणिक और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य रूप से संस्थान में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सब स्टेशन में डबल फीडर की स्थापना, नवीन गैस मैनीफोल्ड रूम का निर्माण, महिला सर्जिकल वार्ड का नवीनीकरण कार्य, और अस्पताल में जनरल रिपेयर जैसे कार्यों के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
इसके अलावा, सी.टी. स्कैन, एम.आर.आई. और अन्य रेडियोलॉजिकल जांचों के लिए प्राइवेट रेडियोलॉजिस्ट द्वारा टेली रिपोर्टिंग व्यवस्था के साथ ही, आगामी ग्रीष्मकाल में मरीजों के लिए कूलर की व्यवस्था भी प्रस्तावित की गई, जिसे समिति ने स्वीकृत किया।
बैठक में अध्यक्ष महोदय ने सिम्स के प्रबंधन की प्रशंसा की, क्योंकि संस्थान में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सीटों में वृद्धि की गई है। अब संस्थान में कुल 19 विषयों पर 91 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए संबद्धता शुल्क, चिकित्सालय के कार्यालयीन और चिकित्सकीय फर्नीचर, ई-ऑफिस संचालन हेतु नवीन कंप्यूटर और प्रिंटर खरीदने की अनुमति भी दी गई।
बैठक में सिम्स के समिति सदस्य सचिव और अधिष्ठाता डॉ. रमनेश मूर्ति, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र कश्यप, प्राध्यापक डॉ. हेमलता ठाकुर, उपायुक्त (विकास) श्री एच.एस. चौहान, उपायुक्त, राजस्व डॉ. स्मृति तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल, ख्याति प्राप्त चिकित्सक डॉ. मनोज गुप्ता और अन्य महत्वपूर्ण अधिकारियों ने भाग लिया।
अधिष्ठाता, सिम्स, डॉ. रमनेश मूर्ति ने इस बैठक के समापन पर सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया और आगामी कार्यों के सफल क्रियान्वयन की अपेक्षाएँ जताई।
महेंद्र सिंह राय- (संवाददाता)
