बांका अमरपुर में अवैध हथियारों के साथ दो गिरफ्तार, पिस्टल-मस्केट और जिंदा कारतूस बरामद
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
बांका अमरपुर थाना क्षेत्र के डुमरामा गांव में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर एसडीपीओ अमर विश्वास ने प्रेस वार्ता कर बताया कि एसपी अमितेश कुमार के निर्देशन में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एसडीपीओ के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को करीब तीन बजे अमरपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरामा गांव में कुछ लोग आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से अवैध हथियार लेकर इकट्ठा हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तसीर पिता मो. सईद अंसारी के बंद पड़े मकान में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार उर्फ शुभम भट्टाचार्य 31 वर्ष और मो. तेहरात 20 वर्षके रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्टल मैगजीन सहित, दो देशी मस्केट, एक देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद कारतूसों में 7.65 एमएम के दो और 8 एमएम के चार कारतूस शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार शुभम कुमार के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।इस कार्रवाई में अमरपुर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार, दरोगा सुशील कुमार, कन्हैया कुमार, शरद श्रीकांत, बृजेश कुमार सिंह, राकेश कुमार राय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल के जवान शामिल रहे।अमरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है
