अमृत मिशन 2.0 के पाइपलाइन कार्य के दौरान भारत नेट केबल क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में नाराजगी
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत केवटाडीह टांगर में अमृत मिशन 2.0 के तहत इंटेक वेल (जल ग्रहण कुआं) का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के माध्यम से मल्हार नगर पंचायत को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए गांव से होकर पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार पाइपलाइन बिछाने के दौरान उसी मार्ग में पहले से बिछी भारतनेट की ऑप्टिकल फाइबर केबल कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा खुदाई के दौरान सावधानी नहीं बरती गई, जिससे भारतनेट की तार कट गई और संचार सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि भारतनेट परियोजना के माध्यम से गांवों में इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऐसे में केबल कटने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार से क्षतिग्रस्त केबल की तत्काल मरम्मत कराने तथा भविष्य में खुदाई कार्य के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत केवटाडीह टांगर स्थित एनीकट के पास इंटेक वेल का निर्माण किया जा रहा है, जहां से मल्हार क्षेत्र को जलापूर्ति की जाएगी। परियोजना के लिए बड़े पैमाने पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने तथा भारतनेट की क्षतिग्रस्त केबल को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को संचार सेवाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
संवाददाता -महेंद्र सिंह राय
