किशनगंज। 16 जून 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों को लेकर ठाकुरगंज प्रखंड के भोलमारा पंचायत भवन में मंगलवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अहमर अब्दाली ने की। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ अहमर अब्दाली ने लोगों से सरकार द्वारा आयोजित सहयोग शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का किसी विभाग से संबंधित कोई कार्य लंबित है, तो वह शिविर में आवेदन देकर उसका समाधान कराने का प्रयास करें। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
बीडीओ ने कहा कि सहयोग शिविर की उच्च स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है, इसलिए संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उपस्थित रहेंगे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से शिविर की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
इस दौरान बीडीओ ने टोल फ्री नंबर 1100 की जानकारी देते हुए बताया कि कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर कॉल कर अपनी समस्या, शिकायत या सुझाव दर्ज करा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न माध्यमों से लगातार प्रयास कर रही है।
बैठक में सहयोग शिविर को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
