सीआईएसएफ का मेगा प्लान।
पोठिया की धरती पर बनेगा हाई सिक्योरिटी ट्रेनिंग हब
110 एकड़ जमीन पर अधिकारियों का निरीक्षण, इलाके में बढ़ी हलचल
पोठिया/किशनगंज: सीमावर्ती किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड में अब देश की बड़ी सुरक्षा एजेंसी सीआईएसएफ की एंट्री होने जा रही है। मंगलवार को सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने पोठिया प्रखंड अंतर्गत बुधनई पंचायत के डोंगरीबस्ती आदिवासी टोला पहुंचकर 110 एकड़ चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी सीआईएसएफ यहां अत्याधुनिक ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट स्थापित करने की तैयारी में है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जमीन की भौगोलिक स्थिति, सड़क संपर्क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि प्रशासन इस परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी में जुट गया है।
सूत्रों के मुताबिक पोठिया अंचल के मौजा बुधनई में खाता संख्या 1136 के अंतर्गत खेसरा संख्या 4073, 4074, 4075, 4078, 4079 और 4080 की कुल 110 एकड़ भूमि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए चिन्हित की गई है। जमीन उपलब्ध होने के बाद अब प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान सीआईएसएफ के आईजी प्रवोध चंद्रा ने अधिकारियों के साथ लंबी बैठक भी की। उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग सेंटर के लिए जरूरी हर पहलू का अध्ययन किया जा रहा है ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। मौके पर डीएम विशाल राज, एसपी संतोष कुमार, एसडीएम अंकेत कुमार, एसडीपीओ ठाकुरगंज, सीओ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि सीआईएसएफ देश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा करती है। एयरपोर्ट, मेट्रो, परमाणु संयंत्र और बड़े सरकारी संस्थानों की सुरक्षा का जिम्मा इसी बल के पास है। ऐसे में पोठिया में ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट बनने से इलाके की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह परियोजना धरातल पर उतरती है तो क्षेत्र में रोजगार, सड़क, बाजार और अन्य सुविधाओं का तेजी से विकास होगा। वहीं कुछ ग्रामीणों में जमीन अधिग्रहण को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
डीएम विशाल राज ने कहा कि पोठिया प्रखंड में सीआईएसएफ ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट स्थापित करने की दिशा में प्रक्रिया शुरू की गई है। फाइनल स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
