जगदीशपुर बाजार व दुर्गा मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने की मांग

जगदीशपुर बाजार व दुर्गा मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने की मांग

 

जगदीशपुर। जगदीशपुर बाजार में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग को लेकर दुर्गा पूजा समिति एवं ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को आवेदन दिया है। समिति के सचिव भारती भूषण झा और प्रमुख पति अजय मंडल की ओर से दिए गए आवेदन में कोकरा पुल से अस्पताल चौक तक मुख्य सड़क के दोनों किनारे, थाना के महिला पुलिस आवास के सामने तथा दुर्गा मंदिर परिसर की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि कोकरा पुल से अस्पताल चौक तक सड़क के दोनों किनारों पर कई स्थायी दुकानदारों ने अपनी दुकानें आगे तक बढ़ा ली हैं। वहीं, कई जगह सरकारी जमीन पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर कब्जा किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन झुग्गियों में नशाखोरी और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इससे चोरी की घटनाओं के साथ विधि-व्यवस्था की समस्या भी उत्पन्न होती है।
आवेदन में थाना के महिला पुलिस आवास के सामने और दुर्गा मंदिर परिसर की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण का भी उल्लेख किया गया है। समिति ने कहा कि जगदीशपुर का दुर्गा पूजा मेला प्रसिद्ध है और पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में दुर्गा पूजा, काली पूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को समय रहते अतिक्रमण मुक्त कराना जरूरी है।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में भी इस संबंध में अंचल कार्यालय में आवेदन दिया गया था। तत्कालीन अंचलाधिकारी के निर्देश पर अमीन से जमीन की नापी कराई गई थी। नापी के बाद तैयार रिपोर्ट में संबंधित स्थानों पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद आंशिक रूप से अतिक्रमण हटाया भी गया था, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा कब्जा कर लिया गया।
दुर्गा पूजा समिति एवं ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से बिहार लोक भूमि अतिक्रमण अधिनियम के तहत शीघ्र कार्रवाई कर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि अतिक्रमण हटने से सरकारी भूमि का बेहतर उपयोग हो सकेगा, सरकारी राजस्व में वृद्धि होगी तथा नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
आवेदन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, भागलपुर, मुख्यमंत्री बिहार और जगदीशपुर थानाध्यक्ष को भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!