फूलों की बारिश के साथ हाफ़िज़ अब्दुल करीम रज़वी हज यात्रा के लिए रवाना, ठाकुरगंज स्टेशन पर भावुक विदाई

ज़की हमदम ठाकुरगंज,  निजागच्छ, पंचायत बेसरपाटी के रहने वाले हाफ़िज़ अब्दुल करीम रज़वी मंगलवार को अपने मुक़द्दस ‘सफ़र-ए-हज’ के लिए हरमैन शरीफ़ैन की ओर रवाना हुए। इस रूहानी मौके पर ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर उनके चाहने वालों और अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां दुआओं और मोहब्बत के साथ उन्हें विदाई दी गई।

स्टेशन परिसर उस समय खासा भावुक हो गया जब लोगों ने फूलों की बारिश करते हुए हाफ़िज़ साहब को अलविदा कहा। हर ओर दुआएं, सलाम और नेक ख्वाहिशात की आवाज़ें गूंजती रहीं।

इस अवसर पर दल्लेगांव पंचायत के मुखिया प्रत्याशी मोहम्मद जहुर आलम रज़वी ने स्टेशन पहुंचकर हाफ़िज़ साहब का गर्मजोशी से इस्तक़बाल किया। उन्होंने गुलपोशी कर गले मिलते हुए उन्हें हज यात्रा की मुबारकबाद दी।

दल्लेगांव के चेयरमैन अनवर आलम, छैतल पंचायत के सरपंच अब्दुल रज्जाक, डॉ. रिज़वान, सोहेल अख्तर, राही अनवर और रिहान आलम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने हाफ़िज़ साहब को फूलों का नजराना पेश किया और उनसे गुजारिश की कि वे मक्का मुअज्ज़मा और मदीना मुनव्वरा की मुक़द्दस सरज़मीं पर देश में अमन-ओ-अमान और भाईचारे के लिए खास दुआ करें।

मोहम्मद जहुर आलम रज़वी ने इस मौके पर कहा, “यह अल्लाह का खास करम है कि हाफ़िज़ साहब को उसके घर की हाज़िरी का मौका मिला है। यह पूरे इलाके के लिए गर्व और खुशी की बात है।”

हाफ़िज़ अब्दुल करीम रज़वी को विदा करते समय कई अकीदतमंदों की आंखें नम दिखीं। सभी ने उनके सफ़र की सलामती और कबूलियत के लिए दुआ की और उम्मीद जताई कि वे इस पवित्र यात्रा से लौटकर समाज के लिए अमन और भाईचारे का पैगाम लेकर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!