नरमा में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का भव्य स्वागत

नरमा में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का भव्य स्वागत

मुरारी झा दरभंगा

दरभंगा:जिले के अलीनगर विधानसभा अंतर्गत नरमा गांव में गुरुवार को भाजपा दरभंगा पूर्वी जिला की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का आगमन कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का केंद्र बना।
बैठक का आयोजन नरमा स्थित जिला महामंत्री संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के आवास पर किया गया, जहां मिथिला की पारंपरिक रीति के अनुसार पाग, चादर, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का सम्मान किया गया। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष को प्रतीकात्मक तलवार भेंट कर विशेष सम्मान दिया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश मंत्री मनोज सिंह भी उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपने संबोधन में आगामी कार्यक्रमों—बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती सप्ताह, स्थापना दिवस सप्ताह एवं ‘मन की बात’—को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।
प्रदेश मंत्री मनोज सिंह ने संगठन की मजबूती में जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताते हुए सभी से एकजुट होकर आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आग्रह किया।

वहीं जिला अध्यक्ष विनय पासवान ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए इसे संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम के मेजबान संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को उत्साहपूर्वक मनाने का आह्वान करते हुए बताया कि 13 अप्रैल को प्रतिमाओं की साफ-सफाई और पूर्व संध्या पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि 14 अप्रैल को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इस दौरान जनसंघ कालीन कार्यकर्ता तूफानी बाबा को प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पाग-चादर देकर सम्मानित किया गया। वहीं ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडल अध्यक्षों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी राजीव रंजन, नुनु झा, रामकरण दास, सुजित चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए संगठन के और अधिक मजबूत होने का विश्वास व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!