17 एवं 18 जून को बिहार के सभी प्रखंडों में आयोजित होगा प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर
ज़की हमदम किशनगंज
किशनगंज, संवाददाता। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र लाभार्थियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से 17 एवं 18 जून 2026 को बिहार के सभी 534 प्रखंडों में एक साथ प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। ठाकुरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर को शिविर स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।
शिविर के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को कौशल विकास सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अहमर अबदाली की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं पंचायत कर्मियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ ने बताया कि शिविर के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख लाभार्थीपरक योजनाओं के तहत लाभों का वितरण एवं पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग), पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी (एसएचजी लिंकेज), पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, कामगार कल्याण बोर्ड तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
बीडीओ ने पंचायत कर्मियों को शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश देते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत बीडीओ ने प्रखंड एवं पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की तथा शिविर की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का अनुरोध किया।
