गलगलिया अग्निकांड पर विधायक गोपाल अग्रवाल ने जताई चिंता, व्यवस्था सुधार का दिया आश्वासन
ज़की हमदम किशनगंज
किशनगंज जिला के ठाकुरगंज विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने भारत-नेपाल सीमा गलगलिया बॉर्डर में हुई भीषण अग्निकांड की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर कहीं न कहीं चूक हुई है, जिसकी समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बाजार क्षेत्र में कुछ दुकानदार सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए ज्वलनशील पदार्थ एवं गैस सिलेंडर रखते हैं, जिससे आग की घटनाएं और गंभीर हो जाती हैं। विधायक ने आम लोगों से भी सतर्क रहने और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान अग्निशमन वाहनों को समय पर घटनास्थल तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में संबंधित विभागों से बातचीत कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि किसी भी आपदा में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित हो सके।
